नई दिल्ली. 5 राज्यों में चुनावी बिगुल बजा, बंगाल में दो चरणों में मतदान, असम-केरल-पुडुचेरी में 9 अप्रैल को डाले जाएंगे वोट

नेशनल

नई दिल्ली. मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से 5 राज्यों—पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु, केरल और केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी—में विधानसभा चुनाव 2026 की तारीखों की घोषणा कर दी है. इन राज्यों में कुल 17.4 करोड़ मतदाता 824 निर्वाचन क्षेत्रों के लिए अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे. आयोग ने बताया कि सभी 5 राज्यों के चुनावी नतीजे एक साथ 4 मई 2026 को घोषित किए जाएंगे.

राज्यवार मतदान का शेड्यूल:

राज्य चरणों की संख्या मतदान की तारीख मतगणना
असम 1 चरण 9 अप्रैल 2026 4 मई 2026
केरल 1 चरण 9 अप्रैल 2026 4 मई 2026
पुडुचेरी 1 चरण 9 अप्रैल 2026 4 मई 2026
तमिलनाडु 1 चरण 23 अप्रैल 2026 4 मई 2026
पश्चिम बंगाल 2 चरण 23 अप्रैल (Phase-1) & 29 अप्रैल (Phase-2) 4 मई 2026

महत्वपूर्ण तिथियां (असम, केरल, पुडुचेरी): इन राज्यों के लिए अधिसूचना 16 मार्च को जारी होगी. नामांकन की अंतिम तिथि 23 मार्च और नाम वापसी की तिथि 26 मार्च तय की गई है. इन तीनों राज्यों में 9 अप्रैल को एक साथ वोटिंग होगी.

तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल का कार्यक्रम: तमिलनाडु और बंगाल के पहले चरण के लिए 30 मार्च को अधिसूचना जारी की जाएगी, जहां 23 अप्रैल को मतदान होगा. पश्चिम बंगाल के दूसरे चरण (142 सीटें) के लिए अधिसूचना 2 अप्रैल को जारी होगी और 29 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे.

मुख्य चुनाव आयुक्त ने जानकारी दी कि निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए करीब 2.19 लाख मतदान केंद्र बनाए गए हैं और 25 लाख कर्मियों की तैनाती की जाएगी. एसआईआर (SIR) के तहत अंतिम मतदाता सूची पहले ही प्रकाशित की जा चुकी है. गौरतलब है कि 2021 के चुनावों में बंगाल में टीएमसी, असम में बीजेपी, केरल में लेफ्ट और तमिलनाडु में डीएमके ने सरकार बनाई थी. अब एक बार फिर इन राज्यों में सत्ता का संग्राम शुरू हो गया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *