कोलकाता: रोज वैली समूह की धोखाधड़ी का शिकार हुए जमाकर्ताओं के लिए राहत भरी खबर आई है। कलकत्ता उच्च न्यायालय द्वारा गठित संपत्ति निपटान समिति (ADC) ने 1 लाख 73 हजार 350 जमाकर्ताओं को 127.69 करोड़ रुपये की राशि लौटा दी है। प्रवर्तन निदेशालय (ED) द्वारा जब्त की गई संपत्तियों को बेचकर और बैंक खातों में जमा फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) को अनलॉक कर यह धन राशि एडीसी के माध्यम से जनता को वापस की जा रही है।
सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति दिलीप कुमार सेठ की अध्यक्षता वाली यह समिति उच्च न्यायालय के आदेश पर धन वापसी की पूरी प्रक्रिया का संचालन कर रही है। इससे पहले केंद्र सरकार ने जमाकर्ताओं के लिए 515 करोड़ रुपये से अधिक के आवंटन की घोषणा की थी। जिन निवेशकों ने अभी तक अपना पैसा वापस नहीं पाया है, वे आधिकारिक पोर्टल ‘रोज वैली एडीसी’ पर जाकर अपने दावों की स्थिति की जांच कर सकते हैं। जांच के दौरान जब्त किए गए 332.76 करोड़ रुपये के फिक्स्ड डिपॉजिट को तोड़ने की अनुमति मिलने के बाद अब भुगतान की प्रक्रिया में तेजी आई है।
