हजारीबाग: बेटी की शादी का कार्ड बांटने निकले शिक्षक की सड़क हादसे में मौत, 7 मई को उठनी थी डोली

झारखंड

हजारीबाग. झारखंड के हजारीबाग जिले के बरकट्ठा प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत सक्रेज के पास जीटी रोड पर शुक्रवार सुबह एक हृदयविदारक सड़क हादसा हुआ। इस दुर्घटना में अपनी बेटी की शादी का निमंत्रण कार्ड बांटने निकले एक व्यक्ति की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान गयपहाड़ी निवासी चंद्रशेखर आजाद (52 वर्ष, पिता: गुलो महतो) के रूप में हुई है।

शादी के कार्डों के बीच बिखरी जिंदगी: घटना शुक्रवार सुबह करीब 6:30 बजे की है। चंद्रशेखर आजाद अपनी बाइक से रिश्तेदारों को निमंत्रण देने जा रहे थे। इसी दौरान सरिया लदे एक अनियंत्रित ट्रेलर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। दुर्घटनास्थल पर उनकी बाइक की डिक्की से शादी के कार्ड बिखरे मिले। कार्ड के अनुसार, उनकी बेटी लक्ष्मी कुमारी की शादी आगामी 7 मई को तय थी।

पेशे से शिक्षक थे मृतक: चंद्रशेखर आजाद पेशे से एक सरकारी शिक्षक थे। वे बरही के गौरिया करमा स्थित एक स्कूल में पदस्थापित थे। एक शिक्षक और अभिभावक के रूप में उनकी असामयिक मृत्यु से शिक्षा जगत और गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

ट्रेलर चालक को ग्रामीणों ने पकड़ा: हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए ट्रेलर को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। सूचना मिलते ही बरकट्ठा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मातम में बदली खुशियां: घर में शादी की तैयारियां जोरों पर थीं, मेहमानों का आना शुरू होने वाला था, लेकिन इस हादसे ने परिवार को कभी न भूलने वाला जख्म दे दिया है। मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है और हर आंख नम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *