धनबाद: बीसीसीएल की लापरवाही के खिलाफ सड़कों पर उतरे झामुमो कार्यकर्ता, सोनारडीह पीड़ितों के पुनर्वास की उठाई मांग

धनबाद

धनबाद: जिले के सोनारडीह स्थित टंडाबारी में हुए भीषण भू-धंसान के बाद प्रभावित ग्रामीणों और रैयतों को अब तक मुआवजा न मिलने पर झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) ने कड़ा रुख अपनाया है। बीसीसीएल प्रबंधन की कार्यशैली से नाराज झामुमो और झारखंड कोलियरी मजदूर यूनियन के कार्यकर्ताओं ने कतरास थाना चौक पर बीसीसीएल सीएमडी, केंद्रीय कोयला मंत्री जी. किशन रेड्डी और एरिया 3 के जीएम का पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया।

यूनियन के जोनल उपाध्यक्ष रतिलाल टुडू ने बीसीसीएल प्रबंधन को चेतावनी देते हुए कहा कि पीड़ित परिवारों का पुनर्वास बाघमारा क्षेत्र में ही किया जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रबंधन की लापरवाही के कारण सड़कें और घर जमींदोज हो रहे हैं, जिससे मानव जीवन पर खतरा मंडरा रहा है। झामुमो नेताओं ने स्पष्ट किया कि यदि जल्द ही राहत नहीं पहुंचाई गई, तो प्रबंधन को उग्र जनआक्रोश का सामना करना पड़ेगा। जल्द ही इस समस्या को लेकर एक प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *