बोकारो: झारखंड के बोकारो जिले में तीन साल से लापता युवक खालिक बाबू अंसारी का नरकंकाल बरामद होने से सनसनी फैल गई है। बरमसिया थाना क्षेत्र के आरता गांव का रहने वाला खालिक 16 जून 2022 को संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुआ था। इस मामले में पुलिस लंबे समय तक सुस्त रही, लेकिन हाईकोर्ट की कड़ी फटकार के बाद जब 2025 में जांच तेज हुई, तो चिरा चास थाना क्षेत्र के भर्रा कब्रिस्तान से उसका नरकंकाल बरामद किया गया।
इस बरामदगी ने बोकारो पुलिस और चास अनुमंडल की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं, क्योंकि हाल ही में पिंडराजोरा थाना क्षेत्र से भी एक अन्य नरकंकाल बरामद हुआ था। चास एसडीपीओ प्रवीण सिंह की निगरानी में एफएसएल (FSL) टीम और भारी पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने फिलहाल कब्रिस्तान को सील कर दिया है और मामले की गहराई से छानबीन की जा रही है ताकि युवक की हत्या या मौत की गुत्थी सुलझाई जा सके।
