डीजे वाहन पर डांस कर रहे युवक की गिरकर मौत, बगोदर के घाघरा निवासी चेतलाल महतो ने तोड़ा दम

गिरिडीह

जमुनिया में हुआ हादसा, ट्रॉमा सेंटर में इलाज के दौरान मौत, पूर्व विधायक विनोद सिंह समेत नेताओं ने लिया जायजा

गिरिडीह. गिरिडीह जिले के बगोदर थाना क्षेत्र के जमुनिया में सोमवार की रात डीजे वाहन पर डांस करने के दौरान गिरने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई. मृतक की पहचान बगोदर प्रखंड के घाघरा गांव निवासी चेतलाल महतो के रूप में हुई है. स्थानीय लोगों के मुताबिक चेतलाल महतो चल रहे डीजे वाहन पर चढ़कर डांस कर रहा था. इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से वह नीचे गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया. सिर में गहरी चोट लगने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई. आसपास के लोगों ने उसे तुरंत ट्रॉमा सेंटर बगोदर पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. घटना की सूचना पर पूर्व विधायक विनोद कुमार सिंह, उप प्रमुख हरेंद्र कुमार सिंह और मुखिया पति लक्ष्मण महतो ट्रॉमा सेंटर पहुंचे. नेताओं ने घटना पर दुख जताया और शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया. उन्होंने प्रशासन से मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग की. इधर बगोदर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है कि डीजे वाहन किसका था और लापरवाही किस स्तर पर हुई.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *