पलामू: खुशियों के बीच मातम की आहट; तिलक समारोह में हर्ष फायरिंग से दो को लगी गोली, आरोपी पूर्व मुखिया की राइफल और पिस्टल जब्त

झारखंड

पलामू: जिले के हरिहरगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत भगत तेंदुआ गांव में शुक्रवार की देर रात एक तिलक समारोह के दौरान हर्ष फायरिंग की घटना में दो व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की पहचान 60 वर्षीय अरविंद कुमार मिश्रा और जगेश्वर बैठा के रूप में हुई है। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया। चिकित्सक के अनुसार, एक घायल की जांघ में गोली आर-पार हो गई है, वहीं दूसरे की पीठ को गोली चीरते हुए निकल गई।

घटना उस समय हुई जब युगेश बैठा के बेटों के तिलक समारोह में ‘धनबटी’ कार्यक्रम चल रहा था। आरोप है कि इसी दौरान मौजूद पूर्व मुखिया सरोज प्रसाद कुशवाहा के हथियार से फायरिंग हो गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पूर्व मुखिया को गिरफ्तार कर लिया है और उनके पास से लाइसेंसी राइफल व पिस्टल जब्त कर ली है। थाना प्रभारी देवव्रत पोद्दार ने पुष्टि की है कि राइफल से फायरिंग की गई थी, जिसका खोखा भी बरामद हुआ है। पुलिस अब हथियारों के लाइसेंस रद्द करने की अनुशंसा करने की तैयारी में है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *