गढ़वा: झारखंड के गढ़वा जिले की चिनिया थाना पुलिस ने एक दशक से अधिक समय से फरार चल रहे वारंटी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। पुलिस ने कांड संख्या-58/14 के आरोपी संजय मलार उर्फ संजू मलार को उसके गुप्त ठिकाने से गिरफ्तार किया। आरोपी मूल रूप से पलामू जिले के पाटन थाना क्षेत्र का निवासी है और पिछले 12 वर्षों से पुलिस की पकड़ से दूर था।
जानकारी के अनुसार, संजय मलार पर 8 सितंबर 2014 को चिनिया थाने में दहेज प्रताड़ना (धारा 498A) और पहली पत्नी के रहते दूसरी शादी करने (धारा 494) के तहत मामला दर्ज किया गया था। चिनिया थाना प्रभारी विकु कुमार रजक ने बताया कि आरोपी अपनी पहचान और ठिकाने बदलकर लगातार पुलिस को चकमा दे रहा था। कोर्ट से वारंट जारी होने के बाद पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी। कागजी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद पुलिस ने शनिवार को उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
