पश्चिमी सिंहभूम: जिले के मंझारी थाना अंतर्गत उलीडीह गांव में उत्पाद विभाग ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। उपायुक्त (DC) मनीष कुमार के निर्देश पर चलाई गई इस छापेमारी में विभाग की टीम ने एक शराब भट्टी को ध्वस्त करते हुए करीब 2000 किलो जावा महुआ को मौके पर ही नष्ट कर दिया। इसके अलावा टीम ने 90 लीटर अवैध शराब और एक दुकान से 6.5 लीटर बियर भी बरामद की है। शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाले उपकरणों को भी जब्त कर लिया गया है।
उत्पाद निरीक्षक निर्भय सिन्हा ने बताया कि इस मामले में कुल पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। कार्रवाई के दौरान चंद्रमोहन सवैया को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि चार अन्य आरोपी—श्याम सिंह मुंडा, बीरू मुंडा, रुई मुंडा और चन्द्र मुंडा—मौके से भागने में सफल रहे। पुलिस फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
