धनबाद. झारखंड के धनबाद जिले के बाघमारा ब्लॉक-2 स्थित एबीओसीपी माइंस में मंगलवार को प्रदूषण और सुरक्षा के मुद्दों को लेकर भारी हंगामा हुआ. केशरगढ़ और सिदपोकी क्षेत्र के ग्रामीणों और प्रबंधन के बीच चल रहा तनाव अब हिंसक रूप ले चुका है.
हाजिरी घर में तांडव और तोड़फोड़
मिली जानकारी के अनुसार, केशरगढ़ के लगभग आधा दर्जन युवक बाइक पर सवार होकर एबीओसीपी के 14 नंबर हाजिरी घर पहुंचे. युवकों का आरोप है कि खनन कार्यों के कारण उनके गांवों में प्रदूषण का स्तर खतरनाक सीमा तक बढ़ गया है. हालांकि, विरोध प्रदर्शन के दौरान युवकों ने उग्र रुख अख्तियार कर लिया. उन्होंने वहां खड़ी मजदूरों की बाइकों को लाठियों से पीटकर क्षतिग्रस्त कर दिया और उत्पादन बंद करने की धमकी दी.
कामकाज बाधित, कर्मियों में दहशत
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, युवकों ने ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों और मजदूरों के साथ गाली-गलौज की और उन्हें लाठियां लेकर खदेड़ दिया. इस अचानक हुए हमले से कार्यस्थल पर भगदड़ मच गई और खनन कार्य पूरी तरह ठप हो गया. घटना के बाद से खदान कर्मियों और मजदूरों में दहशत का माहौल है. स्थानीय पुलिस को मामले की सूचना दे दी गई है, जिसके बाद सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की जा रही है. फिलहाल क्षेत्र में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है.
