पश्चिमी सिंहभूम. पश्चिमी सिंहभूम जिले के मनोहरपुर थाना क्षेत्र में सोमवार तड़के एक हृदयविदारक सड़क हादसा हुआ. आनंदपुर के समीज गांव से बारात लेकर वापस लौट रही एक पिकअप वैन अनियंत्रित होकर उंधन गांव के पास पुल के नीचे जा गिरी. इस भीषण दुर्घटना में दो लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हैं.
तड़के सुबह हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, रविवार शाम मनोहरपुर के बारंगा गांव से बारात समीज गांव गई थी. वाहन (संख्या: JH 06 C/7345) में साउंडबॉक्स के साथ कई युवक सवार थे. सोमवार सुबह करीब 3:40 बजे वापसी के दौरान चालक ने संतुलन खो दिया और वाहन सड़क किनारे बने 10 फुट गहरे पुल के नीचे जा गिरा.
मृतकों की पहचान
हादसे के बाद ग्रामीणों की मदद से सभी को मनोहरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) लाया गया, जहां डॉक्टरों ने दो को मृत घोषित कर दिया:
-
रोहन गोप (12 वर्ष): निवासी बारंगा.
-
दशरथ सरदार (25 वर्ष): निवासी गोपीपुर.
गंभीर घायल राउरकेला रेफर
दुर्घटना में छह युवक गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए ओडिशा के राउरकेला रेफर किया गया है. घायलों में सूरज महतो, गोपी मोदी, राहुल गोप, सौरभ लोहार, शिशुपाल मोदी और सुरेश गोप शामिल हैं.
प्रशासनिक और सामाजिक पहल
घटना की सूचना मिलते ही बारंगा पंचायत की मुखिया ओनामी कोड़ा अस्पताल पहुंचीं और घायलों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा दिलाने व परिजनों को ढांढस बंधाने में मदद की. दुर्घटनाग्रस्त वाहन को क्रेन की मदद से बाहर निकाल लिया गया है. पुलिस मामले की छानबीन कर रही है कि क्या हादसा तकनीकी खराबी के कारण हुआ या चालक को झपकी आने की वजह से.
