गिरिडीह. गिरिडीह नगर निगम में गुरुवार को मेयर प्रमिला मेहरा की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक हुई. बैठक में शहर को सुदृढ़ बनाने के लिए यातायात व्यवस्था, ट्रैफिक जाम, पेयजल आपूर्ति, साफ-सफाई, वेंडिंग जोन और हटिया बाजार समेत कई मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई. बैठक में डिप्टी मेयर सुमित कुमार, उप नगर आयुक्त प्रशांत लायक, अर्बन मैनेजर मंजूर आलम, वार्ड पार्षद संजीव कुमार, दीपक यादव समेत कई वार्ड पार्षद और राजनीतिक प्रतिनिधि उपस्थित थे. मेयर प्रमिला मेहरा ने कहा कि शहर में जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए ट्रैफिक प्लान पर काम होगा. प्रमुख चौक-चौराहों पर अतिक्रमण हटाकर वेंडिंग जोन व्यवस्थित किए जाएंगे. गर्मी को देखते हुए पानी की किल्लत दूर करने के लिए टैंकर और चापाकलों की मरम्मत तेज की जाएगी. डिप्टी मेयर सुमित कुमार ने कहा कि शहर की सफाई व्यवस्था को और दुरुस्त किया जाएगा. डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन पर सख्ती होगी. उप नगर आयुक्त प्रशांत लायक ने बताया कि हटिया बाजार को व्यवस्थित करने के लिए नया प्लान तैयार हो रहा है. बैठक में मानसून से पहले नालियों की सफाई, स्ट्रीट लाइट दुरुस्त करने और अवैध होर्डिंग हटाने पर भी सहमति बनी. मेयर ने सभी वार्ड पार्षदों को अपने क्षेत्र की समस्याएं प्राथमिकता से सूचीबद्ध कर निगम को सौंपने को कहा.
