कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन की हलचल: सिद्धारमैया के इस्तीफे के बाद डीके शिवकुमार के सीएम बनने की चर्चा तेज

नेशनल

बेंगलुरु. कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के इस्तीफे के बाद डीके शिवकुमार के अगले मुख्यमंत्री बनने की अटकलें काफी तेज हो गई हैं. हालांकि, मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के मसले पर डीके शिवकुमार का कहना है कि उन्हें अभी तक यह जानकारी नहीं है कि विधायक दल के नेता का चुनाव कब होगा और इस पर क्या निर्णय लिया गया है. उन्होंने स्पष्ट किया कि शपथ ग्रहण को लेकर कोई भी फैसला विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद ही होगा. इस सिलसिले में डीके शिवकुमार ने शुक्रवार को दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी से भी मुलाकात की और राज्य की मौजूदा राजनीतिक स्थिति पर चर्चा की.

इस पूरे घटनाक्रम के बीच राजनीतिक गलियारों में यह समीकरण चर्चा का विषय बना हुआ है कि सिद्धारमैया को राज्यसभा भेजा जा सकता है, जबकि उनकी जगह डीके शिवकुमार प्रदेश की कमान संभालेंगे. इसके साथ ही सिद्धारमैया के बेटे यतींद्र को कैबिनेट में जगह मिलने की संभावना जताई जा रही है. यतींद्र भी अपने पिता के साथ दिल्ली दौरे पर हैं और उन्होंने सोनिया गांधी, राहुल गांधी व मल्लिकार्जुन खरगे से मुलाकात की है, जिससे उनके कैबिनेट में शामिल होने की चर्चा को और बल मिला है. वहीं, राज्यसभा चुनाव के उम्मीदवारों को लेकर डीके शिवकुमार ने कहा कि कर्नाटक के प्रत्याशियों की घोषणा अन्य राज्यों की सूची के साथ ही की जाएगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *