सारण: जिले के गड़खा थाना क्षेत्र अंतर्गत मुस्सेपुर चौक के पास एक भीषण सड़क हादसे ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया। शनिवार को अख्तियारपुर गांव निवासी 28 वर्षीय राहुल कुमार और उनके साथी गुड्डू कुमार बाइक से एक वैवाहिक समारोह में शामिल होने अवतारनगर के बलुआ गांव जा रहे थे। इसी दौरान मुस्सेपुर चौक के समीप एक अज्ञात वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।
इस दर्दनाक हादसे में राहुल कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गुड्डू कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायल गुड्डू को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहाँ नाजुक स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना (PMCH) रेफर कर दिया है। सूचना मिलते ही गड़खा थाना पुलिस ने मौके पर पहुँचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया हादसा तेज रफ्तार के कारण हुआ है। घटना के बाद से पीड़ित परिवार और अख्तियारपुर गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
