रांची. जेपीएससी (JPSC) और जेएसएससी (JSSC) भर्ती परीक्षाओं में कथित धांधली, OMR शीट में गड़बड़ी और पेपर लीक के खिलाफ रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में अभ्यर्थियों का अनिश्चितकालीन आंदोलन अब राष्ट्रीय स्तर पर ध्यान खींच रहा है. प्रसिद्ध सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक (Sonam Wangchuk) ने भूख हड़ताल पर बैठे छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो से फोन पर बात कर आंदोलन को अपना समर्थन दिया और उनके बिगड़ते स्वास्थ्य पर चिंता जताई.
“यह लंबी लड़ाई है, थोड़ा पानी पी लीजिए”- सोनम वांगचुक
2 अगस्त से अनिश्चितकालीन अनशन पर बैठे देवेंद्र नाथ महतो का हालचाल लेते हुए सोनम वांगचुक ने उनसे पानी पीने की अपील की. उन्होंने कहा कि बिन पानी के भूख हड़ताल करना ‘आत्महत्या’ जैसा है और अभ्यर्थियों को धैर्य रखना चाहिए क्योंकि इस तरह के बदलाव वाले आंदोलनों में समय लगता है. उन्होंने उम्मीद जताई कि राज्य सरकार छात्रों की जायज मांगों पर जल्द सही फैसला लेगी.
25 जुलाई से सत्याग्रह पर डटे हैं अभ्यर्थी
बातचीत के दौरान देवेंद्र नाथ महतो ने बताया कि अभ्यर्थी 25 जुलाई से लगातार सत्याग्रह कर रहे हैं. झारखंड में पिछले कई सालों से लगातार हो रहे पेपर लीक और धांधली के कारण लाखों युवाओं का भविष्य अंधकार में लटक गया है. डॉक्टरों ने चेतावनी दी है कि जलाहार न लेने के कारण उनकी शारीरिक स्थिति बेहद नाजुक हो चुकी है और उन्हें कभी भी गंभीर स्थिति में अस्पताल में भर्ती कराना पड़ सकता है.
