रांची. जेपीएससी (JPSC) और जेएसएससी (JSSC) भर्ती परीक्षाओं में हुई धांधली के खिलाफ जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में पिछले 14 दिनों से चल रहे छात्र आंदोलन में आखिरकार सरकार के साथ बातचीत की शुरुआत हो गई है. छात्रों द्वारा बनाई गई 11 सदस्यीय कमेटी से तीन गैर-छात्रों को हटाए जाने के बाद शुक्रवार रात मंत्रियों और छात्र प्रतिनिधियों के बीच करीब 1.5 घंटे तक सकारात्मक वार्ता हुई.
वार्ता के मुख्य बिंदु और 10 अगस्त को विधानसभा घेराव का अल्टीमेटम
वार्ता में शामिल छात्र प्रतिनिधि रविंद्र पासवान ने बताया कि उन्होंने अपना मांग पत्र सरकार को सौंप दिया है:
-
सीएम को कराया जाएगा अवगत: वार्ता में शामिल मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू और दीपिका पांडेय सिंह ने आश्वस्त किया कि छात्रों की चिंताओं और तकनीकी पहलुओं से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को अवगत कराया जा रहा है. जल्द ही दूसरे दौर की वार्ता भी हो सकती है.
-
आंदोलन जारी रहेगा: छात्रों ने स्पष्ट किया है कि यदि मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया गया, तो 10 अगस्त को पूर्व निर्धारित विधानसभा घेराव कार्यक्रम होकर रहेगा और तब तक आंदोलन जारी रहेगा.
छात्रों के सुझाव पर ठोस और व्यापक सुधार करेंगे: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन
विधानसभा में पत्रकारों से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि सरकार छात्रों की हर समस्या को समझने और उनकी उम्मीदों पर खरा उतरने के लिए प्रतिबद्ध है. उन्होंने कहा कि सरकार राज्य भर के छात्रों, शिक्षाविदों और नीति-निर्माताओं से सुझाव एकत्र कर परीक्षा प्रणाली में समयबद्ध तरीके से व्यापक और समावेशी सुधार लागू करेगी.
