मयूरभंज में दिल दहला देने वाला हादसा: खेलते-खेलते नदी किनारे पहुंचा 3 साल का मासूम; फिसलन के कारण डूबने से दर्दनाक मौत, गांव में पसरा मातम

नेशनल

ओडिशा. ओडिशा के मयूरभंज जिले स्थित घागरबेड़ा थाना क्षेत्र के जेबासाही गांव में शुक्रवार शाम एक दर्दनाक हादसा सामने आया. अपने घर के पास नदी किनारे खेल रहा जेबा मुंडा का 3 वर्षीय बेटा फिसलकर नदी के गहरे पानी में समा गया, जिससे उसकी डूबने से मौत हो गई. इस घटना के बाद से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है.

खेलते समय फिसला पैर, नदी में डूबा मासूम

मिली जानकारी के अनुसार, जेबा मुंडा का घर नदी के पास ही स्थित है. शुक्रवार शाम करीब 5:30 बजे उनका 3 साल का बेटा खेलते-खेलते नदी तट की ओर चला गया. हालिया बारिश के कारण घाट पर काफी फिसलन थी, जिससे मासूम का पैर फिसल गया और वह सीधे नदी में जा गिरा.

अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया, देर रात हुआ पोस्टमार्टम

खेतों से लौट रहे ग्रामीणों ने बच्चे को डूबते देख तुरंत परिजनों को सूचना दी. परिजनों ने ग्रामीणों की मदद से बच्चे को पानी से बाहर निकाला और इलाज के लिए तत्काल चंपुआ अनुमंडल अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.

घटना की जानकारी मिलने पर घागरबेड़ा थाना पुलिस अस्पताल पहुंची. शुरुआत में परिजन बच्चे की कम उम्र का हवाला देते हुए पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर रहे थे, जिससे काफी देर तक गतिरोध बना रहा. बाद में पुलिस और चिकित्सकों के समझाने के बाद देर रात पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया गया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *