पटना: बिहार की राजधानी में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने कदमकुआं थाने के एडिशनल एसएचओ अर्जुन यादव को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। निगरानी टीम ने यह कार्रवाई गुरुवार को उस वक्त की जब आरोपी पुलिस अधिकारी शिकायतकर्ता से केस डायरी को पक्ष में करने और मामले को कमजोर करने के एवज में रिश्वत ले रहा था।
निगरानी विभाग के अनुसार, स्थानीय निवासी शमशाद आलम ने शिकायत दर्ज कराई थी कि एडिशनल एसएचओ उन्हें केस संख्या 315-26 में फंसाने की धमकी दे रहे थे और राहत देने के बदले 7 हजार रुपये की मांग कर रहे थे। शिकायत की पुष्टि होने के बाद डीएसपी आदित्य राज के नेतृत्व में एक विशेष ट्रैप टीम गठित की गई। योजना के अनुसार, जैसे ही अर्जुन यादव ने बुद्ध मूर्ति के पास जस्टिस राज किशोर पथ पर रिश्वत की रकम पकड़ी, निगरानी टीम ने उन्हें दबोच लिया। आरोपी अधिकारी को हिरासत में लेकर निगरानी मुख्यालय ले जाया गया है, जहाँ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
