धनबाद: खूंखार कुत्तों के झुंड ने 5 वर्षीय मासूम की ली जान; मंदिर के पास खेल रहे बच्चे पर किया हमला, मौके पर ही हुई मौत

झारखंड धनबाद

धनबाद: जिले के बसेरिया 4 नंबर यादव बस्ती में आवारा कुत्तों के जानलेवा हमले में एक 5 वर्षीय मासूम की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान अंकित यादव (पिता कुंदन यादव) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, अंकित घर के पास स्थित हनुमान मंदिर के पास खेल रहा था, तभी अचानक आवारा कुत्तों के एक झुंड ने उसे घेर लिया। कुत्तों ने बच्चे के शरीर पर कई जगह बुरी तरह से काट लिया और उसे नोंच डाला, जिससे मासूम ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

इस हृदयविदारक घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में शोक और नगर निगम के खिलाफ भारी आक्रोश है। स्थानीय लोगों और समाजसेवी टुनटुन यादव ने नगर निगम पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि क्षेत्र में कुत्तों का आतंक बढ़ता जा रहा है, लेकिन प्रशासन कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा है। परिजनों ने प्रशासन से मांग की है कि खूंखार कुत्तों को तुरंत इलाके से हटाया जाए और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए ताकि भविष्य में किसी अन्य मासूम की जान न जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *