गिरिडीह. झारखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने गुरुवार को गिरिडीह स्थित अपने आवास पर पत्रकारों से बातचीत में राज्य की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि झारखंड में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है और इसके लिए सीधे तौर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन जिम्मेदार हैं.
दरअसल, हाल ही में जमशेदपुर में करणी सेना के एक नेता की पुलिस की मौजूदगी में हत्या हो गई थी. इस मामले में सरकार ने जमशेदपुर और सरायकेला के SP को हटाया था.
मरांडी ने कहा कि SP हटाना कोई सजा नहीं है. पुलिस की मौजूदगी में हत्या हुई तो जिम्मेदार पुलिसकर्मियों पर FIR दर्ज होनी चाहिए थी. उन्होंने सवाल उठाया कि जिस होटल में मृतक ने खाना खाया, उसके संचालकों पर FIR दर्ज करने का क्या औचित्य है. उन्होंने आरोप लगाया कि एक ASI के प्रभाव में कई विभागों के अधिकारी काम करने को मजबूर हैं और थानों में पदस्थापन तक उसी के इशारे पर हो रहा है.
मरांडी ने मांग की कि पुलिस की भूमिका की निष्पक्ष जांच हो और पीड़ित परिवार की सभी मांगें पूरी की जाएं.
