गिरिडीह. जिले भर में गुरुवार को बकरीद का पर्व शांतिपूर्ण माहौल और अकीदत के साथ मनाया गया. ईदगाहों और मस्जिदों में सुबह से ही नमाजियों की भीड़ उमड़ी. लोगों ने बकरीद की नमाज अदा कर मुल्क में अमन-चैन और भाईचारे की दुआ मांगी. त्योहार को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट था. पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार के निर्देश पर सभी प्रमुख ईदगाहों, मस्जिदों और संवेदनशील इलाकों में पुलिस बल की तैनाती की गई थी. ड्रोन कैमरों से भी निगरानी रखी गई. शहर के मुख्य ईदगाह, बरवाडीह, भंडारीडीह, पचंबा ईदगाह समेत ग्रामीण क्षेत्रों की मस्जिदों में हजारों लोगों ने एक साथ नमाज अदा की. नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले मिलकर बकरीद की मुबारकबाद दी. कई जगहों पर हिंदू समुदाय के लोगों ने मुस्लिम भाइयों को गले लगाकर बकरीद की बधाई दी. जिला प्रशासन और पुलिस पदाधिकारियों ने भी ईदगाह पहुंचकर लोगों को पर्व की शुभकामनाएं दीं. डीसी और एसपी खुद कंट्रोल रूम से पूरे जिले की मॉनिटरिंग करते रहे. कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है. जिले में पर्व शांतिपूर्ण संपन्न हुआ.
