रामगढ़: जिले के बेडवा क्षेत्र स्थित छोटकी डूंडी पहाड़ के जंगल में गुरुवार को एक 20 वर्षीय युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान बेडवा निवासी मुकेश कुमार महतो के रूप में हुई है। मुकेश का शव एक नीम के पेड़ से आर्थिंग तार के फंदे के सहारे लटका हुआ पाया गया। जानकारी के अनुसार, मुकेश बीते मंगलवार से ही घर से लापता था और परिजनों द्वारा काफी खोजबीन के बाद भी उसका कोई पता नहीं चल सका था।
परिजनों के मुताबिक, घर छोड़ने से पहले मुकेश का अपनी पत्नी के साथ किसी घरेलू बात को लेकर विवाद हुआ था, जिससे वह काफी नाराज था। गुरुवार सुबह जब ग्रामीण जंगल की ओर गए, तब उन्होंने शव को देख पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया यह आत्महत्या का मामला लग रहा है, हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सटीक कारणों का खुलासा हो पाएगा। इस दुखद घटना के बाद से मृतक के घर में कोहराम मचा हुआ है।
