दुमका: 11 हजार वोल्ट के तार की अर्थिंग से कंटेनर में लगी भीषण आग; रांची से सिलीगुड़ी जा रहे डाक पार्सल जलकर खाक

झारखंड

दुमका: झारखंड के दुमका जिले के गोपीकांदर थाना क्षेत्र में सोमवार को एक बड़ा हादसा टल गया, हालांकि संपत्ति का भारी नुकसान हुआ है। गोविंदपुर-साहिबगंज स्टेट हाईवे पर कुश्चिरा पेट्रोल पंप के पास डाक पार्सल ले जा रहे एक कंटेनर में 11 हजार वोल्ट के बिजली तार के संपर्क में आने से भीषण आग लग गई। इस घटना में वाहन का केबिन, टायर और उसमें लदा लाखों का सामान जलकर राख हो गया।

हादसा उस वक्त हुआ जब चालक आनंद कुमार वाहन खड़ा कर टायर में फंसी गिट्टी निकाल रहा था। इसी दौरान पास से गुजर रहे हाई वोल्टेज तार की अर्थिंग वाहन के संपर्क में आ गई, जिससे शॉर्ट सर्किट हुआ और आग भड़क उठी। कंटेनर रांची से सिलीगुड़ी जा रहा था और इसमें बिस्कुट, केक, चॉकलेट व अन्य पार्सल सामग्री लदी थी।

घटना की सूचना मिलने पर थाना प्रभारी सुमित कुमार भगत और स्थानीय लोगों की मदद से पानी टैंकर मंगाकर आग पर काबू पाया गया। इस हादसे ने एक बार फिर हाईवे किनारे लटकते हाई वोल्टेज तारों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय ग्रामीणों ने बिजली विभाग से तारों की ऊंचाई दुरुस्त करने की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *