गढ़वा: जिले के भवनाथपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मकरी पंचायत के कुंवरठीका गांव में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहाँ 50 वर्षीय सुरेंद्र सिंह का शव बहेरवाखाडी जंगल में एक जामुन के पेड़ से लटका हुआ पाया गया। घटना उस वक्त उजागर हुई जब सुबह गांव की महिलाएं महुआ चुनने जंगल की ओर गई थीं। शव मिलने की सूचना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
परिजनों के अनुसार, घर में सुरेंद्र की भतीजी की शादी का उत्सव चल रहा था। शुक्रवार रात करीब 10 बजे तक वे घर पर ही मौजूद थे, लेकिन सुबह अचानक गायब पाए गए। जिस घर में शादी की शहनाइयां गूंज रही थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है। सूचना मिलने पर भवनाथपुर थाना के एसआई अमित कुमार ने मौके पर पहुँचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए गढ़वा सदर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक, मामला प्रथम दृष्टया आत्महत्या का लग रहा है, हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असल वजह साफ हो पाएगी।
