गढ़वा . जिला थाना क्षेत्र के महुलिया मोड़ पर गुरुवार की शाम सड़क जाम हटाने पहुँची पुलिस टीम पर उग्र भीड़ ने अचानक पथराव कर दिया . इस हिंसक झड़प में दो थाना प्रभारी समेत 25 से अधिक पुलिस पदाधिकारी और जवान गंभीर रूप से जख्मी हो गए हैं . घटना के बाद इलाके में तनाव व्याप्त है और भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है .
अस्पताल में रात भर चला इलाज: हादसे के बाद गढ़वा सदर अस्पताल में अलर्ट जैसी स्थिति रही . डॉ. राकेश कुमार तरुण और डॉ. कुश कुमार की टीम ने घायल पुलिसकर्मियों का रात भर उपचार किया . घायलों में गढ़वा थाना प्रभारी सुनील कुमार तिवारी, रंका थाना प्रभारी रवि कुमार केसरी सहित एसआई विद्यासागर, आदित्य नायक और कई महिला पुलिसकर्मी भी शामिल हैं .
प्रशासन की बड़ी कार्रवाई:
-
गिरफ्तारी: एसपी अमन कुमार ने बताया कि अब तक एक दर्जन से अधिक उपद्रवियों को हिरासत में लिया गया है .
-
जब्ती: घटनास्थल से दो दर्जन से अधिक बाइकें बरामद की गई हैं . इन बाइकों के नंबर प्लेट और कागजातों के आधार पर मालिकों की पहचान की जा रही है .
-
दबिश: पुलिस हमलावरों को चिन्हित कर उनके ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है .
एसपी की चेतावनी: एसपी अमन कुमार ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि पुलिस पर हमला करने वाले किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा . बरामद वाहनों के आधार पर दबिश दी जा रही है और जल्द ही सभी मुख्य आरोपी सलाखों के पीछे होंगे . फिलहाल इलाके में स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं .
