गढ़वा. झारखंड के गढ़वा जिले से पहचान छिपाकर प्रेम संबंध बनाने और फिर शादी का झांसा देकर प्रताड़ित करने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. रांची के बेड़ो की रहने वाली एक युवती ने नगर उंटारी महिला थाना में आवेदन देकर कुष्डदंड निवासी इनायत अंसारी और उसके परिजनों के खिलाफ न्याय की गुहार लगाई है.
हैदराबाद में ‘सोनू’ बनकर की दोस्ती
पीड़िता के अनुसार, करीब छह महीने पहले जब वह हैदराबाद में काम कर रही थी, तब उसकी मुलाकात इनायत अंसारी से हुई थी. आरोप है कि इनायत ने खुद को ‘सोनू’ नाम का एक हिंदू और अविवाहित युवक बताकर युवती से दोस्ती की और उसे अपने प्रेम जाल में फंसा लिया. जनवरी 2026 में शादी का वादा कर वह युवती को अपने पैतृक गांव ले आया.
घर पहुंचते ही टूटी उम्मीदें
युवती ने बताया कि युवक के गांव पहुंचने पर उसे जो हकीकत पता चली, उसने उसके होश उड़ा दिए:
-
असली पहचान: सोनू असल में इनायत अंसारी निकला.
-
वैवाहिक स्थिति: वह पहले से शादीशुदा है और दो बच्चों का पिता भी है.
-
प्रताड़ना: आरोप है कि सच्चाई सामने आने पर पीड़िता पर खान-पान और जीवनशैली बदलने का दबाव बनाया गया. विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई.
परिजनों पर भी आरोप
युवती ने इनायत के साथ-साथ उसके पिता जहरूदीन अंसारी, माँ मैरून बीबी और अन्य परिजनों पर भी गंभीर प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं. बताया जा रहा है कि पूर्व में भी इस मामले में समझौता कराकर युवती को वापस भेजा गया था, लेकिन ससुराल पक्ष के व्यवहार में सुधार नहीं हुआ.
पुलिस की कार्रवाई
महिला थाना प्रभारी रुक्मिणी कुमारी ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि युवती का आवेदन प्राप्त हो गया है. पुलिस इस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है. उन्होंने आश्वासन दिया कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल इस घटना के बाद इलाके में काफी चर्चा है.
