जगन्नाथपुर/चाईबासा. पश्चिमी सिंहभूम जिले के जगन्नाथपुर साप्ताहिक हाट क्षेत्र में रास्ता भटक कर अकेले घूम रहे एक बच्चे को प्रशासन और जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा) की तत्परता से उसके परिजनों तक पहुंचा दिया गया. बच्चा अपने घर के बारे में कुछ भी बताने में असमर्थ था, जिसे स्थानीय लोगों की सूचना पर सुरक्षित जगन्नाथपुर थाना लाया गया. प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश मोहम्मद शाकिर अहमद के मार्गदर्शन में डालसा चाईबासा ने त्वरित कार्रवाई की. पीएलवी उमर सादिक और पुलिस ने सोशल मीडिया व स्थानीय माध्यमों से बच्चे की फोटो प्रसारित की, जिसे देखकर कुछ ही घंटों में परिजन थाने पहुंच गए. उचित विधिक प्रक्रिया और स्वास्थ्य जांच के बाद मासूम को उसके पिता के सुपुर्द कर दिया गया. यह सफलता झालसा के हालिया शुरू किए गए ‘प्रोजेक्ट बाल सुरक्षा’ के तहत एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है.
