जमशेदपुर: लौहनगरी जमशेदपुर में झपट्टा मार गिरोह एक बार फिर सक्रिय हो गया है। सोमवार की सुबह अपराधियों ने शहर के दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में माॅर्निंग वॉक कर रही महिलाओं को निशाना बनाया और महज एक घंटे के भीतर दो सोने की चेन लूटकर फरार हो गए। पहली घटना सोनारी थाना क्षेत्र के कुंज नगर के पास सुबह करीब 5:30 बजे हुई, जहाँ शिव गंगा अपार्टमेंट की निवासी परमजीत कौर के गले से बाइक सवार बदमाशों ने चेन छीन ली।
इस वारदात के ठीक बाद, करीब 7:15 बजे बदमाशों ने बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के रामदास भट्टा में एक अन्य महिला को अपना शिकार बनाया। दोनों ही घटनाओं में बाइक सवार दो अपराधी शामिल थे, जो वारदात को अंजाम देकर पलक झपकते ही गायब हो गए। इन घटनाओं ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस गश्ती पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल, पीड़ितों की शिकायत पर सोनारी और बिष्टुपुर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज खंगालते हुए अपराधियों की तलाश शुरू कर दी है।
