रांची. साइक्लोनिक सर्कुलेशन के छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश की ओर मुड़ने के कारण झारखंड में फिलहाल मौसम शुष्क बना रहेगा. शनिवार को राज्य भर में बादल छाए रहने और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है. वहीं, 2 अगस्त को राजधानी रांची समेत कुछ जिलों में मध्यम दर्जे की वर्षा हो सकती है. मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, राज्य में अब तक सामान्य (508.2 मिमी) की तुलना में 26 प्रतिशत कम (376.2 मिमी) बारिश दर्ज की गई है, जिसमें पश्चिम सिंहभूम (+16%) को छोड़कर गढ़वा, चतरा, देवघर, पाकुड़ और कोडरमा की स्थिति सबसे खराब है.
मौसम केंद्र ने 1 से 4 अगस्त तक पूरे राज्य में मौसम का मिजाज एक जैसा रहने का अनुमान जताया है. इस दौरान विभिन्न हिस्सों में गरज-चमक के साथ वज्रपात (आकाशीय बिजली) गिरने और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का यलो अलर्ट जारी किया गया है. प्रशासन और मौसम विभाग ने आम लोगों को खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने तथा खुले मैदानों, पेड़ों व बिजली के खंभों से दूर रहने की हिदायत दी है.
