भुगतान नहीं, मुखिया संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष सुबोध यादव ने डाक निरीक्षक को लिखा पत्र, जल्द भुगतान नहीं तो पोस्ट ऑफिस में तालाबंदी की चेतावनी
गिरिडीह. गिरिडीह जिले के डुमरी प्रखंड के बरहमसिया पोस्ट ऑफिस में खाताधारकों का पैसा 2014 से फंसा हुआ है. मुखिया संघ के झारखंड प्रदेश उपाध्यक्ष सुबोध कुमार यादव ने गोमिया अनुमंडल के डाक निरीक्षक को पत्र भेजकर लाभुकों का भुगतान जल्द कराने की मांग की है. पत्र में बताया गया है कि बरहमसिया पोस्ट ऑफिस में आशा देवी खाता संख्या 6926192, मुन्नी देवी पति राजेश सोनार खाता संख्या 692601, देवकी देवी पति सुरेश यादव पॉलिसी संख्या RJHEA808693, कौशल्या देवी पति दुलारचंद राय और देवकी देवी खाता संख्या 697263 समेत करीब दो दर्जन खाताधारकों का पैसा फंसा है.
सुबोध यादव के अनुसार 2014 में तत्कालीन पोस्ट मास्टर ने खातों से अवैध निकासी कर ली थी. तब से अब तक लाभुकों को भुगतान नहीं हो पाया है. देवकी देवी पति सुरेश यादव के खाते में 7627 रुपये जमा हैं जो करीब 10 साल से नहीं मिले हैं. वहीं बेहरा सुईयाडीह निवासी कौशल्या देवी पति दुलारचंद राय का बरहमसिया डाक घर में बचत खाता संख्या 693263 है, जिसमें 37,500 रुपये जमा हैं. उनकी पासबुक मुख्य डाकघर गिरिडीह में जमा है. कौशल्या देवी ने वरीय पदाधिकारियों से पैसा वापस दिलाने की गुहार लगाई है. सुबोध यादव ने कहा कि सभी लाभुक गरीब और मजदूर हैं. विभाग ने सभी कागजात तो ले लिए, लेकिन भुगतान नहीं किया. अधिकारियों ने जांच के बाद मुआवजा देने की बात कही थी, लेकिन अब तक कुछ नहीं हुआ. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि विभाग ने जल्द भुगतान नहीं किया तो सड़क से सदन तक आंदोलन किया जाएगा और पोस्ट ऑफिस में तालाबंदी की जाएगी. वहीं विभागीय अधिकारी का कहना है कि मामले की जांच हो चुकी है और जल्द ही लाभुकों का पैसा वापस कराया जाएगा.
