रांची. झारखंड की राजधानी रांची के लालपुर थाना क्षेत्र में एक नामी पान मसाला कंपनी के अधिकारियों द्वारा करोड़ों रुपए की जालसाजी का सनसनीखेज मामला सामने आया है. आरोपियों ने जाली कूपन छपवाकर और कंपनी के असली कूपन चोरी कर बाजार में बेचे, जिससे कंपनी को लगभग 71 लाख रुपए का वित्तीय नुकसान हुआ है.
कैसे हुआ धोखाधड़ी का खुलासा: एबी इंटरप्राइजेज के प्रोपराइटर कालीचरण सिंघानिया ने पुलिस को बताया कि वे “तेज राम धरम पाल” (दिल्ली) कंपनी के अधिकृत डीलर हैं. इस साजिश का पर्दाफाश 12 अप्रैल 2026 को हुआ, जब धनबाद के एक डिस्ट्रीब्यूटर ने फोन कर बताया कि अधिकारियों द्वारा दिए गए कूपन डुप्लीकेट हैं. कंपनी द्वारा जांच कराने पर पता चला कि जनवरी 2026 से ही यह गोरखधंधा चल रहा था.
इन चार आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी: पुलिस ने कंपनी के प्रोपराइटर के बयान पर निम्नलिखित आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है:
-
लोकेश शर्मा: क्षेत्रीय बिक्री प्रबंधक (जयपुर, राजस्थान).
-
दिव्यांशु शर्मा: एरिया सेल्स मैनेजर (कानपुर, यूपी).
-
नवरत्न बहेटी उर्फ राजेश: सहयोगी (जयपुर, राजस्थान).
-
शरद कुमार: सहयोगी (जोधपुर, राजस्थान).
साजिश का तरीका: पुलिस के अनुसार, राजस्थान में बैठे सहयोगी जाली कूपन छापकर रांची में तैनात लोकेश और दिव्यांशु को भेजते थे. ये दोनों मैनेजर पद का फायदा उठाकर उन कूपनों को धोखे से डिस्ट्रीब्यूटर्स को दे देते थे. फिलहाल पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.
