पलामू: जिले के पिपराटाड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत कर्मा गांव में मंगलवार रात अपराधियों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया। गांव के निवासी राजमुनि पाठक की सिर में गोली मारकर हत्या कर दी गई। जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात करीब नौ बजे अपराधी ‘संजय मिस्त्री’ का नाम लेकर उनके घर पहुंचे और उन्हें बाहर बुलाया। राजमुनि अपनी पत्नी से यह कहकर निकले थे कि वह 10 मिनट में लौट आएंगे, लेकिन जब वे वापस नहीं लौटे, तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। बुधवार सुबह घर से महज 100 मीटर की दूरी पर एक महुआ पेड़ के नीचे उनका शव बरामद हुआ।
मृतक की पत्नी रेणु देवी ने बताया कि पांकी के करार गांव में गोतिया (रिश्तेदारों) के साथ उनका लंबे समय से जमीनी विवाद चल रहा था, जिसे हत्या की मुख्य वजह माना जा रहा है। घटना के वक्त घर में केवल पति-पत्नी ही थे, जबकि उनके बेटे बाहर नौकरी करते हैं। सूचना मिलते ही पिपराटाड़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीनगर एमएमसीएच (MMCH) भेज दिया है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
