साइबर डीएसपी समेत तीन पुलिसकर्मी हुए थे घायल, कबरीबाद हत्याकांड के बाद प्रदर्शन के दौरान हुई थी घटना, 8 नामजद समेत 150 अज्ञात पर केस, अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी
गिरिडीह. मुफस्सिल थाना क्षेत्र के कबरीबाद में पुलिस पर पथराव करने के मामले में मुफस्सिल और नगर थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई कर मुख्य आरोपी जनता जागरूकता संघ के सदस्य मिंसू मंडल को गिरफ्तार कर लिया. शुक्रवार को गिरफ्तारी के बाद सदर अस्पताल में मेडिकल जांच कराकर उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया. गौरतलब रहे की कुछ दिन पहले कबरीबाद में दिलीप दास की हत्या के बाद आक्रोशित लोगों ने शव सड़क पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया था. प्रदर्शनकारियों को समझाने पहुंची पुलिस पर असामाजिक तत्वों ने पथराव कर दिया. इस घटना में साइबर डीएसपी समेत तीन पुलिस अधिकारी घायल हो गए थे. घटना के बाद दंडाधिकारी के बयान पर सरकारी कार्य में बाधा और पुलिस पर पथराव के आरोप में आठ नामजद समेत करीब 150 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी. प्राथमिकी दर्ज होने के बाद से सभी आरोपी फरार चल रहे थे. शुक्रवार को पुलिस को सूचना मिली कि नगर थाना क्षेत्र के झिंझरी मोहल्ला निवासी मिंसू मंडल अपने घर में है. सूचना पर नगर थाना और मुफस्सिल थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से घेराबंदी कर उसे दबोच लिया. मुफस्सिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो ने बताया कि इस कांड में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है. जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा. पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है.
