संकट मोचन मंदिर के पास सब्जी समेत अन्य दुकानें चपेट में, स्थानीय लोगों ने मशक्कत कर पाया काबू
गिरिडीह. गिरिडीह जिले के बगोदर चौक स्थित संकट मोचन मंदिर के समीप शुक्रवार की देर रात एक साथ तीन दुकानों में भीषण आग लग गई. आग की चपेट में सब्जी दुकान समेत अन्य दुकानें आ गईं. हादसे में लाखों रुपए का सामान जलकर राख हो गया. स्थानीय लोगों के अनुसार रात करीब 1 बजे अचानक दुकानों से आग की लपटें उठने लगीं. देखते ही देखते आग ने तीन दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया. शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुटे और आग बुझाने में जुट गए. काफी मशक्कत के बाद स्थानीय लोगों के सहयोग से आग पर काबू पाया गया. तब – तक दुकानों में रखा सारा सामान जल चुका था. आग किन कारणों से लगी, इसका पता नहीं चल पाया है. आशंका जताई जा रही है कि शॉर्ट सर्किट या किसी दुकान में जलता हुआ दीया छोड़ देने से आग लगी होगी. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है. दुकानदारों का कहना है कि सब्जी, किराना और जनरल स्टोर की दुकानों में रखा फ्रिज, काउंटर, नकदी और पूरा सामान जल गया. पीड़ित दुकानदारों ने प्रशासन से मुआवजे की मांग की है. घटना के बाद बगोदर बाजार में दहशत का माहौल है. स्थानीय लोगों ने दमकल की स्थायी व्यवस्था की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर तुरंत काबू पाया जा सके.
