रांची. राजधानी रांची के गाड़ी होटवार स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर के समीप रहने वाली अंजनी घोष के घर हुई जेवर और मोबाइल चोरी मामले का मुख्य आरोपी पुलिस की अभिरक्षा से फरार हो गया. आरोपी मो. अशफाक अंसारी (21) शुक्रवार दोपहर करीब 1:30 बजे खेलगांव थाना परिसर के बाथरूम का वेंटिलेटर तोड़कर पुलिस को चकमा देकर भाग निकला.
घटना के बाद पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है, हालांकि अभी तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका है.
30 जुलाई को हुई थी पति-पत्नी की गिरफ्तारी
मामले में पुलिस ने 30 जुलाई को आरोपी अशफाक (मूल निवासी: मौलाना आजाद कॉलोनी, नामकुम) और उसकी पत्नी शिफात अदा (19) को गिरफ्तार किया था. पति के थाने से फरार होने के बाद पुलिस ने शिफात अदा का मेडिकल परीक्षण कराकर उसे अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है.
घर का लॉकर खोलकर उड़ाए थे जेवर और मोबाइल
पीड़िता अंजनी घोष द्वारा दर्ज कराई गई प्राथमिकी के अनुसार:
-
29 जुलाई की रात हुई चोरी: अंजनी घोष अपने बच्चों के साथ कमरे में सो रही थीं. रात में मोबाइल चार्ज पर लगा था और ड्रेसिंग टेबल के लॉकर में जेवरात रखे हुए थे.
-
सुबह खुला मिला लॉकर: सुबह करीब 5:30 बजे उठने पर देखा कि लॉकर खुला पड़ा है और उसमें रखे तमाम सोने-चांदी के जेवर गायब हैं. साथ ही चार्जिंग में लगा मोबाइल भी चोरी हो चुका था.
-
किराएदार पर आरोप: पीड़िता ने अपने घर में किराए पर रहने वाले मो. अशफाक अंसारी, उसकी पत्नी और एक अन्य साथी पर चोरी की आशंका जताई थी, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई की थी.
पहले भी हो चुकी है ऐसी घटना
गौरतलब है कि इससे पूर्व कोतवाली थाने के बाथरूम से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के प्रांतीय कार्यालय पर हमले का आरोपी सैफ भी इसी तरह फरार हो गया था. जिसे बाद में पुलिस ने नगड़ी थाना क्षेत्र में मुठभेड़ के दौरान पैर में गोली लगने के बाद दोबारा गिरफ्तार किया था. खेलगांव पुलिस अब अशफाक की तलाश में जुटी हुई है.
