रांची: झारखंड की राजधानी रांची के आड्रे हाउस में आज यानी 1 मई से तीन दिवसीय ‘सांसद सांस्कृतिक महोत्सव सह स्वदेशी मेला’ का भव्य शुभारंभ हो रहा है। केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ द्वारा आयोजित इस महोत्सव में कला, संस्कृति और स्वदेशी उत्पादों का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। मेले में सुबह 9 बजे से रात 10 बजे तक आम लोगों के लिए प्रवेश पूरी तरह निशुल्क रखा गया है। कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन शाम 5 बजे राज्यपाल संतोष गंगवार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की उपस्थिति में होगा।
महोत्सव के मुख्य आकर्षणों में 125 निशुल्क स्टॉल्स शामिल हैं, जहाँ सोहराय पेंटिंग, हस्तशिल्प और मोटे अनाज (मिलेट्स) से बने विशेष उत्पाद प्रदर्शित किए जाएंगे। इसके अलावा, ‘ऑपरेशन सिंदूर’ विषय पर बच्चों द्वारा बनाई गई सैन्य शौर्यगाथा की पेंटिंग प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। तीन दिनों तक चलने वाले इस उत्सव में पद्मश्री मुकुंद नायक की प्रस्तुति, छऊ, पाईका और बिहू जैसे लोक नृत्यों की धूम रहेगी। कार्यक्रम में आगामी दिनों में केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और अर्जुन राम मेघवाल के भी शामिल होने की संभावना है।
