कोलकाता: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के लिए मतगणना सोमवार, 4 मई को होगी। नतीजों से पहले राज्य भर में सुरक्षा की अभूतपूर्व व्यवस्था की गई है। चुनाव आयोग के निर्देशानुसार, कोलकाता और अन्य जिलों में मतगणना केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में धारा 163 (BNSS) लागू कर दी गई है। राजधानी कोलकाता को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है और कई सड़कों को बैरिकेडिंग लगाकर सील कर दिया गया है।
पूर्वी मिदनापुर जैसे संवेदनशील जिलों में मतगणना केंद्रों को ‘नो-फ्राइंग ज़ोन’ घोषित किया गया है, जिसका अर्थ है कि वहां विजय जुलूस निकालने, पटाखे फोड़ने और ड्रोन उड़ाने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। कोलकाता के पुलिस कमिश्नर अजय नंद ने स्पष्ट किया है कि केवल वैध क्यूआर-कोड वाले आईडी कार्ड धारकों को ही केंद्रों में प्रवेश मिलेगा। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरे राज्य में केंद्रीय सुरक्षा बलों (CRPF) की 700 कंपनियां तैनात की गई हैं। चुनाव आयोग ने किसी भी प्रकार की गड़बड़ी की सूचना देने के लिए टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर (18003450008) भी जारी किया है। मतगणना सुबह 8 बजे से शुरू होगी, जिसके बाद 293 सीटों के भाग्य का फैसला होगा।
