हजारीबाग: मुकुंदगंज के पास बस ने बाइक को मारी टक्कर, भारतीय वायु सेना के जवान की मौके पर मौत, साथी गंभीर

झारखंड हज़ारीबाग

हजारीबाग: जिले के हजारीबाग-रामगढ़ मार्ग (NH-33) पर सोमवार सुबह एक हृदयविदारक सड़क हादसा हुआ, जिसमें भारतीय वायु सेना के जवान दीपक कुमार साव की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हैदराबाद में तैनात दीपक महज 15 दिन पहले ही अपनी ढाई महीने की बेटी और पत्नी से मिलने पैतृक गांव डेमोटांड़ आए थे। यह दुर्घटना उस वक्त हुई जब मुकुंदगंज के समीप एक यात्री बस ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में उनके साथी नीरज कुमार भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका इलाज शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चल रहा है।

जवान की असामयिक मृत्यु से पूरे क्षेत्र में मातम पसरा है। परिजनों ने घटना की जानकारी एयर फोर्स मुख्यालय को दे दी है। बताया जा रहा है कि एयर फोर्स की एक विशेष टुकड़ी मंगलवार, 28 अप्रैल को पैतृक गांव पहुंचकर शहीद जवान को अंतिम सलामी देगी। दीपक अपने पीछे एक छोटा सा परिवार और मासूम बच्ची छोड़ गए हैं, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *