लोहरदगा: जिले के किस्को प्रखंड अंतर्गत पाखर पंचायत के तिसिया गांव में चार दिवसीय शिव मंडा पूजा का आयोजन श्रद्धा और उल्लास के साथ किया गया। गुरुवार और शुक्रवार की मध्य रात्रि करीब 2 बजे इस पूजा का मुख्य आकर्षण ‘फुलकुंदी’ अनुष्ठान संपन्न हुआ। इसमें दर्जनों भक्तों ने निर्जला उपवास रखकर दहकते अंगारों पर नंगे पांव चलकर भगवान शिव के प्रति अपनी अटूट आस्था का परिचय दिया। ढोल-नगाड़ों की थाप और ‘हर-हर महादेव’ के जयकारों से पूरा क्षेत्र गुंजायमान रहा।
इससे पूर्व मुख्य पुरोहित उत्तम पाठक और उज्ज्वल पाठक द्वारा विधिवत पूजा-अर्चना संपन्न कराई गई। मंडा पूजा समिति के तत्वावधान में आयोजित इस चार दिवसीय अनुष्ठान के दौरान हजारों की संख्या में श्रद्धालु इस अद्भुत दृश्य के साक्षी बने। कार्यक्रम में अतिथि के रूप में नगर परिषद अध्यक्ष अनिल उरांव, जिला परिषद सदस्य संदीप गुप्ता और थाना प्रभारी मानस कुमार साधु उपस्थित रहे। स्थानीय लोगों के अनुसार, मंडा पूजा की यह परंपरा सदियों पुरानी है, जो समाज की खुशहाली और बेहतर फसल की कामना के लिए की जाती है।
