कतरास: तिलाटांड़ चोरी कांड का खुलासा; पुलिस ने दो युवकों को दबोचा, झरिया से बरामद हुए लाखों के इलेक्ट्रॉनिक सामान

झारखंड धनबाद

धनबाद: जिले के कतरास थाना क्षेत्र अंतर्गत तिलाटांड़ (आकाश किनारी) में 28 अप्रैल को एक बंद घर में हुई बड़ी चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों, विकास रवानी और मिलन रवानी को गिरफ्तार किया है। पीड़ित राजेंद्र राम के घर का ताला तोड़कर चोरों ने करीब डेढ़ से दो लाख रुपये मूल्य के इलेक्ट्रॉनिक सामान पार कर दिए थे।

कतरास थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने प्रेसवार्ता में बताया कि संदेह के आधार पर हिरासत में लिए गए दोनों युवकों ने पूछताछ के दौरान अपना जुर्म कबूल कर लिया है। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी का सारा सामान झरिया से बरामद कर लिया है। आरोपियों ने बताया कि इस वारदात में उनके दो अन्य साथी भी शामिल थे, जो फिलहाल फरार हैं। पुलिस फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। पकड़े गए दोनों अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *