मसलिया के प्रवासी मजदूर की चेन्नई में मौत: एक महीने पहले ही काम की तलाश में गया था रोहित; घर का इकलौता कमाऊ सदस्य खोने से परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

झारखंड

दुमका. दुमका जिले के मसलिया प्रखंड से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है, जहां रोजी-रोटी कमाने चेन्नई गए एक प्रवासी मजदूर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. शनिवार की अहले सुबह जैसे ही एंबुलेंस से मजदूर का पार्थिव शरीर उसके पैतृक गांव पहुंचा, पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई. मृतक की पहचान मसलिया थाना क्षेत्र के खुटोजोरी पंचायत अंतर्गत रांगाटांड़ गांव निवासी 22 वर्षीय रोहित राय के रूप में हुई है. परिजनों और ग्रामीणों की भारी भीड़ के बीच शनिवार सुबह ही गांव के श्मशान घाट पर रोहित का अंतिम संस्कार कर दिया गया.

पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, रोहित अपनी तंगहाली को दूर करने के लिए करीब एक महीना पहले ही पड़ोसी गांव के एक मेट (लेबर कांट्रैक्टर) के साथ मजदूरी करने चेन्नई (तमिलनाडु) गया था. वहां काम करने के दौरान अचानक संदिग्ध परिस्थितियों में उसकी मौत हो गई.

रोहित अपने पूरे परिवार में एकमात्र कमाऊ सदस्य था, जिसके सिर पर घर चलाने की जिम्मेदारी थी. उसके असामयिक निधन से उसकी वृद्ध मां, भाई और बहन के सामने अब आजीविका और दो वक्त की रोटी का गंभीर संकट खड़ा हो गया है. परिजनों ने रो-रोकर प्रशासन से मदद और मामले की जांच की गुहार लगाई है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *