गाजियाबाद: इंदिरापुरम स्थित गौर ग्रीन एवेन्यू सोसाइटी की 11वीं मंजिल पर शनिवार सुबह करीब 8:50 बजे भीषण आग लग गई। लपटें इतनी तेज थीं कि उन्होंने देखते ही देखते अन्य मंजिलों के फ्लैटों को भी अपनी चपेट में ले लिया। घटना की सूचना मिलते ही वैशाली, साहिबाबाद और नोएडा से दमकल की एक दर्जन से अधिक गाड़ियाँ मौके पर पहुँचीं और करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद सुबह 10:30 बजे तक आग पर काफी हद तक काबू पाया गया।
राहत और बचाव अभियान के दौरान अग्निशमन कर्मियों ने इमारत में फंसे कई निवासियों को सुरक्षित बाहर निकाला। इनमें ऑक्सीजन सपोर्ट पर मौजूद एक बुजुर्ग व्यक्ति भी शामिल थे, जिन्हें स्ट्रेचर के जरिए रेस्क्यू किया गया। स्थानीय निवासियों के अनुसार, सोसाइटी में हाल ही में लगे फायर फाइटिंग सिस्टम ने आग को और फैलने से रोकने में मदद की। हालांकि, कुछ लोगों को सिस्टम चलाने में शुरुआती परेशानी हुई, लेकिन स्थानीय लोगों की तत्परता से बचाव कार्य जारी रहा। इस घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है, वहीं आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
