नोवामुंडी: रेल फाटक के पास महिला को सांप ने डसा; चीख सुनकर दौड़े पड़ोसी ने बाइक से अस्पताल पहुंचाकर बचाई जान

झारखंड

पश्चिमी सिंहभूम. झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के नोवामुंडी प्रखंड अंतर्गत रेल फाटक क्षेत्र में देर रात सर्पदंश की एक सनसनीखेज घटना सामने आई. यहां रहने वाली लक्ष्मी कोड़ा नामक महिला को एक बेहद जहरीले ‘चिति’ सांप ने डस लिया, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई.

चीख-पुकार सुन मसीहा बने राजू सामंत

मिली जानकारी के अनुसार, सांप ने महिला के बाएं पैर पर हमला किया था. जहर के असर और तेज दर्द के कारण महिला जोर-जोर से चीखने लगी. महिला की आवाज सुनकर पास ही रहने वाले राजू सामंत तुरंत मौके पर पहुंचे. उन्होंने बिना समय गंवाए बहादुरी दिखाई और अपनी मोटरसाइकिल से घायल महिला को तुरंत टिस्को हॉस्पिटल (TISCO Hospital) पहुंचाया.

आईसीयू में भर्ती, हालत पर नजर

महिला को अस्पताल के आईसीयू (ICU) वार्ड में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की विशेष टीम उनका इलाज कर रही है. समय पर अस्पताल पहुंचने और तत्काल एंटी-वेनम मिलने के कारण एक बड़ी अनहोनी टल गई है. फिलहाल डॉक्टरों ने महिला को निगरानी में रखा है.

स्थानीय निवासियों ने राजू सामंत की तत्परता और निस्वार्थ सेवा की जमकर सराहना की है. लोगों का कहना है कि अगर राजू समय पर हिम्मत न दिखाते, तो महिला की जान बचाना मुश्किल हो सकता था. प्रशासन ने भी मानसून के दस्तक देने के साथ ही लोगों को सांपों से सावधान रहने की सलाह दी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *