JPSC धांधली मामले में CID का बड़ा एक्शन: रांची, पलामू और बोकारो समेत 20 से ज्यादा ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी; OMR सेटिंग और बिचौलियों पर शिकंजा

रांची

रांची. 14वीं झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) परीक्षा में हुई धांधली और OMR शीट में हेराफेरी की जांच कर रही सीआईडी (CID) की टीम ने सोमवार को अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है. सीआईडी की अलग-अलग टीमों ने एक साथ पूरे राज्य में छापेमारी करते हुए 20 से अधिक ठिकानों पर दबिश दी.

रांची से पलामू तक 20 से अधिक ठिकानों पर एक साथ रेड

सूत्रों के अनुसार, सीआईडी की विशेष टीमों ने राजधानी रांची, बोकारो, पलामू और हजारीबाग समेत कई जिलों में संदिग्धों, बिचौलियों और कोचिंग संचालकों के ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की. जांच एजेंसी को आशंका है कि इस सर्च ऑपरेशन से पैसों के लेन-देन और OMR सेटिंग के बड़े सिंडिकेट का खुलासा हो सकता है.

पलामू में संतोष और रविशंकर के ठिकानों पर पड़ा छापा, दस्तावेज जब्त

पलामू पुलिस और सीआईडी की संयुक्त टीम ने मेदिनीनगर के हमीदगंज (बीएन कॉलेज के पास) स्थित संतोष कुमार सिंह और पांकी रोड बारालोटा स्थित रविशंकर कुमार के घर पर रेड मारी. इसके अलावा नौडीहा बाजार में हुई छापेमारी के दौरान एक सरकारी शिक्षक और एक पारा शिक्षक से जुड़े संदिग्ध दस्तावेज और डिजिटल डिवाइस जब्त किए गए हैं.

अब तक आधा दर्जन गिरफ्तारियां, पूर्व अध्यक्ष से पूछताछ जारी

गौरतलब है कि जेपीएससी मुख्यालय पर छापेमारी कर पहले ही कई डिजिटल साक्ष्य जब्त किए जा चुके हैं. मामले में आउटसोर्सिंग एजेंसी के निदेशकों व कर्मचारियों समेत आधा दर्जन आरोपियों को जेल भेजा जा चुका है. वहीं, जेपीएससी के निवर्तमान अध्यक्ष और राज्य के पूर्व मुख्य सचिव एल. खियांग्ते से भी सीआईडी मुख्यालय में लगातार पूछताछ चल रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *