हजारीबाग के बड़कागांव में दर्दनाक हादसा: कोयला लदे हाइवा ने युवक को कुचला, इलाज के दौरान मौत; गुस्साए ग्रामीणों ने ट्रांसपोर्टिंग मार्ग किया पूरी तरह ठप

झारखंड हज़ारीबाग

हजारीबाग. हजारीबाग जिले के बड़कागांव अंतर्गत 13 माइल से जुगरा जाने वाली ट्रांसपोर्टिंग सड़क पर एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है. यहां कोयला लदे एक तेज रफ्तार हाइवा की चपेट में आने से चेपाकला गांव निवासी नरेश कुमार महतो (पिता- यीशु महतो) गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिनकी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई. इस घटना के विरोध में आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने शनिवार की देर रात से ही लोहा पुल के समीप मुख्य सड़क को जाम कर दिया, जो रविवार की सुबह तक जारी रहा. सड़क जाम होने के कारण कोयला परिवहन में लगे सैकड़ों भारी वाहनों सहित अन्य गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं और पूरे मार्ग पर आवागमन पूरी तरह ठप हो गया.

ग्रामीणों ने बताया कि मृतक नरेश अपने पीछे पत्नी और दो छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं, जिससे परिवार के सामने अब भरण-पोषण का बड़ा संकट खड़ा हो गया है. उग्र प्रदर्शनकारी पीड़ित परिवार के लिए उचित मुआवजे, आश्रित को नौकरी और लापरवाह हाइवा चालक पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझा-बुझाकर जाम हटाने के लिए त्रिपक्षीय वार्ता शुरू की. फिलहाल क्षेत्र में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *