धनबाद: जिले के गोविंदपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ऊपर बाजार से शुक्रवार को एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ भाजपा एससी मोर्चा के पूर्व जिलाध्यक्ष अमृत दास का शव उनके घर में संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद किया गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुँचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस घटना के बाद पूरे राजनीतिक गलियारे और इलाके में सनसनी फैल गई है।
अमृत दास की मौत के बाद उनकी माँ और बहन ने उनकी दोनों पत्नियों पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। परिजनों के अनुसार, अमृत दास ने दो सगी बहनों से शादी की थी और घर में अक्सर विवाद होता रहता था। बताया जा रहा है कि घटना से एक दिन पहले दूसरी पत्नी को शॉपिंग कराने को लेकर भी घर में काफी झगड़ा हुआ था। गोविंदपुर थाना प्रभारी विष्णु प्रसाद रावत ने बताया कि पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि यह हत्या है या आत्महत्या। फिलहाल पुलिस परिजनों के बयानों के आधार पर छानबीन में जुटी है।
