गढ़वा: झारखंड के गढ़वा थाना क्षेत्र अंतर्गत कर्मडीह गांव में शनिवार को एक 21 वर्षीय विवाहिता ने फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। मृतका की पहचान सीमा कुमारी (पति रामलाल साव) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से धुरकी थाना क्षेत्र की निवासी थी। जानकारी के अनुसार, सीमा और रामलाल ने दो साल पहले प्रेम विवाह किया था और पिछले एक महीने से वे कर्मडीह में किराए के मकान में रह रहे थे।
घटना के वक्त सीमा घर में अकेली थी। पति रामलाल ने बताया कि वह सुबह खाना खाकर मजदूरी करने गया था और जब शाम को लौटा तो कमरे में पत्नी का शव दुपट्टे के फंदे से लटका पाया। ग्रामीणों की मदद से शव को नीचे उतारा गया और पुलिस को सूचित किया गया। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुँचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए गढ़वा सदर अस्पताल भेज दिया है। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की गहनता से छानबीन कर रही है कि आखिर प्रेम विवाह के बाद खुशी-खुशी रह रहे इस जोड़े के बीच ऐसी क्या बात हुई कि महिला को यह आत्मघाती कदम उठाना पड़ा।
