भागलपुर एनकाउंटर: ईओ हत्याकांड के मुख्य अभियुक्त का पुलिस ने किया काम तमाम; हथियार बरामदगी के दौरान हुई मुठभेड़

नेशनल

भागलपुर: सुल्तानगंज नगर परिषद कार्यालय में घुसकर कार्यपालक पदाधिकारी (ईओ) कृष्ण भूषण कुमार की हत्या करने वाले मुख्य आरोपी रामधनी यादव को बिहार पुलिस ने एनकाउंटर में ढेर कर दिया है। मंगलवार को हुई इस सनसनीखेज हत्या के बाद आरोपी ने गिरफ्तारी के डर से सरेंडर किया था। पुलिस जब उसे घटना में प्रयुक्त हथियार बरामदगी के लिए ले जा रही थी, तभी उसके सहयोगियों ने पुलिस टीम पर हमला बोल दिया। मौके का फायदा उठाकर रामधनी ने भी पुलिस पर गोलियां चला दीं, जिसमें डीएसपी नवनीत कुमार समेत तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए।

पुलिस की जवाबी कार्रवाई में रामधनी यादव के सीने में गोली लगी, जिसके बाद उसे जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। एसएसपी प्रमोद कुमार यादव ने बताया कि आत्मरक्षा में की गई इस फायरिंग में मुख्य आरोपी मारा गया है, जबकि उसके दो अन्य साथियों—दीपक और उसके साले को भी घायल अवस्था में गिरफ्तार किया गया है। गौरतलब है कि मंगलवार दोपहर अपराधियों ने नगर परिषद कार्यालय में अंधाधुंध फायरिंग की थी, जिसमें ईओ की मौत हो गई थी और सभापति राजकुमार गुड्डू गंभीर रूप से घायल हो गए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *