पटना: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार ने अपनी पहली राजनीतिक पारी का आगाज करते हुए ‘सद्भाव यात्रा’ की शुरुआत की है। शनिवार को वे पटना स्थित जदयू (JDU) कार्यालय से ‘निश्चय रथ’ पर सवार होकर पश्चिम चंपारण के बगहा के लिए रवाना हुए। यात्रा पर निकलने से पहले निशांत ने अपने पिता नीतीश कुमार के पैर छूकर उनका आशीर्वाद लिया। इस दौरान जदयू कार्यालय के बाहर कार्यकर्ताओं और समर्थकों का भारी हुजूम उमड़ा, जिन्होंने जमकर नारेबाजी की।
निशांत कुमार ने अपनी यात्रा को लेकर कहा कि महात्मा गांधी की तर्ज पर उन्होंने भी चंपारण की धरती को अपनी राजनीतिक शुरुआत के लिए चुना है। उनका मुख्य उद्देश्य पार्टी के जमीनी कार्यकर्ताओं से संवाद करना और नीतीश सरकार के कार्यों को जन-जन तक पहुंचाना है। इस मौके पर विधान पार्षद नीरज कुमार और पूर्व मंत्री अशोक चौधरी समेत कई वरिष्ठ नेताओं ने कहा कि निशांत कुमार की इस यात्रा से संगठन को नई धार और मजबूती मिलेगी। राजनीतिक विशेषज्ञों द्वारा इस यात्रा को जदयू में नई पीढ़ी के नेतृत्व की शुरुआत के तौर पर देखा जा रहा है।
