चतरा. जिले के सिमरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत नवादा गांव में रविवार को एक हृदयविदारक घटना घटी, जहाँ 40 वर्षीय रिंकी कुमारी (पति अनिल यादव) की कुएं में डूबने से मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, रिंकी कुमारी सुबह अपने घर के पास स्थित बारी (खेत) में फसल का पटवन करने गई थीं। इसी दौरान कुएं के समीप उनका पैर फिसल गया और वह सीधे गहरे कुएं में जा गिरीं।
काफी देर तक वापस न लौटने पर जब परिजनों ने तलाश शुरू की, तो कुएं में उनकी चप्पलें तैरती मिलीं। इसके बाद पति अनिल यादव ने सिमरिया थाना पुलिस को सूचित किया। थाना प्रभारी सूर्यप्रताप सिंह ने बताया कि पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से शव को कुएं से बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। फिलहाल पुलिस को मृतका के मायके पक्ष से लिखित आवेदन का इंतजार है, जिसके बाद आगे की विधिवत कार्रवाई की जाएगी। इस घटना से पूरे नवादा गांव में मातम का माहौल है।
